कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरिया खुर्द में गोवंश की लगातार हो रही मौत और मृत गायों के शव नदी में बहाए जाने के आरोप ने गोशाला व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के निर्देश पर मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की गई है। कांग्रेस ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल का आरोप है कि अतरिया खुर्द में प्रतिदिन गायों की मौत हो रही है और अब तक सैकड़ों गोवंश की मौत हो चुकी है। उनका यह भी आरोप है कि मृत गायों के शवों को गोशाला के पास नदी में बहाया जा रहा है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह गोवंश की देखरेख और मृत पशुओं के निपटान की व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जांच समिति को तत्काल अतरिया खुर्द पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लेने, ग्रामीणों से बातचीत करने तथा फोटो और वीडियोग्राफी के माध्यम से तथ्यों को दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति को दो दिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी को सौंपनी है।
जांच समिति में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष साधेलाल अनंत, महामंत्री मनीष शर्मा, कुंडा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उत्तरा दिवाकर, युवा नेता प्रशांत सिंह परिहार, युवा नेता आकाश कैसरवानी तथा दामापुर मंडल अध्यक्ष प्रमोद पात्रे शामिल हैं।
कांग्रेस ने प्रशासन से गोवंश की मौत के कारणों, गोशाला में उपलब्ध सुविधाओं, चारे-पानी की व्यवस्था और मृत पशुओं के निपटान की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी पता लगाने की मांग की गई है कि यदि लगातार गोवंश की मौत हो रही थी तो संबंधित जिम्मेदारों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की।
अब जांच समिति की रिपोर्ट से ही आरोपों की वास्तविकता सामने आएगी। यदि सैकड़ों गोवंश की मौत और नदी में शव बहाए जाने के आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना प्रशासन के लिए जरूरी होगा। मामले ने गोवंश संरक्षण व्यवस्था की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।