कबीरधाम - क्षेत्र में कृषकों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ की कुंडा-पंडरिया इकाई ने मंगलवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार कुंडा को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शासन-प्रशासन से किसानों के हित में लंबित मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से गन्ना उत्पादक किसानों को कृषक उन्नति योजना के दायरे में लाने, गन्ने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर 100 रुपये प्रति क्विंटल करने तथा गन्ने का न्यूनतम भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही धान के समर्थन मूल्य का संपूर्ण लाभ किसानों तक पहुंचाने और बिजली बिलों में कथित अनियमित वसूली पर रोक लगाने की मांग भी रखी गई।
किसान संघ ने दमापुर-कुंडा-महली-नानापुरी-पंडम सड़क मार्ग की खराब स्थिति का हवाला देते हुए उसके शीघ्र निर्माण एवं सुधार कार्य की मांग की। वहीं शासकीय गोचर भूमि का डिजिटल सर्वे कराने तथा ऋण पुस्तिका, बी-1, नक्शा, खसरा, पर्ची, बटांकन और फावती से संबंधित कार्य पटवारियों के माध्यम से बिना शुल्क कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण अंचलों के किसान लंबे समय से इन समस्याओं से प्रभावित हैं। प्रशासन को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए।
इस दौरान पंडरिया ब्लॉक अध्यक्ष रंजीत साहू, कुंडा तहसील अध्यक्ष सुभाष चंद्राकर, मंत्री टेक सिंह खांडे, सोनू चंद्राकर, रामू साहू, तोरत साहू, विश्राम सिंह, बाबूराम, राजकुमार चंद्राकर, शिवकुमार, दीनू पांडे, सहदेव चंद्राकर और नीतीश चंद्राकर समेत संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।