कवर्धा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और गौवंश की सुरक्षा को लेकर कबीरधाम यातायात पुलिस ने अनूठी पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में यातायात पुलिस ने समाजसेवियों एवं गौ-सेवकों के सहयोग से सड़क पर विचरण और बैठे रहने वाले 200 गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाए।
बारिश के मौसम में रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में सड़क के बीच या किनारे बैठे गौवंश वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते और अचानक सामने आने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इन हादसों में पशुओं के साथ वाहन चालक और राहगीर भी गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं।
यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक महेश्वर सिंह एवं उप निरीक्षक अजय कांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने समाजसेवियों और गौ-सेवकों के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। रेडियम बेल्ट पर वाहन की हेडलाइट पड़ने पर वह चमकने लगता है, जिससे अंधेरे में गौवंश दूर से ही दिखाई देने लगता है। इससे वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर संभावित हादसे को टाल सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पशुपालकों और आम नागरिकों से गौवंश को सड़कों पर लावारिस नहीं छोड़ने तथा सड़क पर बैठे पशुओं को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की गई है।
कबीरधाम पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल दुर्घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना को पहले ही कम करना भी जरूरी है। इस पहल के जरिए वाहन चालकों की सुरक्षा के साथ बेजुबान पशुओं के जीवन की रक्षा का प्रयास किया जा रहा है।