बोल बम के जयघोष से गूंजा वनांचल, पंडरिया विधानसभा में प्रवेश


पंडरिया। माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा के तीसरे दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा और करीब 500 कांवड़ यात्रियों ने वन ग्राम महामाई (खुड़िया) से गौरकांपा तक यात्रा पूरी की। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वनांचल भक्तिमय नजर आया। इसी दौरान विधायक भावना बोहरा और कांवड़ यात्रियों ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया।

तीसरे दिन यात्रा का मार्ग बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। कांवड़ियों को घने जंगलों, पथरीली पगडंडियों और नदी के तेज प्रवाह के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर नदी का पानी कमर तक पहुंच रहा था, लेकिन श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके। आस्था और उत्साह के साथ कांवड़िए एक-दूसरे का सहयोग करते हुए लगातार आगे बढ़ते रहे।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल 151 किलोमीटर की पदयात्रा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वमंगल की कामना के लिए लिया गया संकल्प है। दुर्गम जंगलों, पथरीले रास्तों और नदी के प्रवाह के बीच यात्रा ने कठिन परीक्षा जरूर ली, लेकिन भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा और मजबूत संकल्प ने हर चुनौती को आसान बना दिया।
उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा का पवित्र जल कांवड़ में लेकर और बाबा भोलेनाथ का नाम हृदय में धारण कर आगे बढ़ना अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति है। कठिन रास्ते शरीर की परीक्षा ले रहे हैं, लेकिन हर कदम के साथ आस्था और हौसला मजबूत हो रहा है।

भावना बोहरा ने कहा कि कांवड़ यात्रियों का उत्साह और एक-दूसरे के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने की भावना इस यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति है। ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए सामूहिक प्रार्थना है। उन्होंने यात्रा में सहभागी कांवड़ यात्रियों, क्षेत्रवासियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता से यह यात्रा जन-जन की आस्था, सेवा और संकल्प का उत्सव बन गई है। यात्रा आगे बढ़ते हुए भोरमदेव पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर संकल्प पूर्ण किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post