बासिंझोरी हत्याकांड का खुलासा: पत्नी ने चचेरे भाई संग मिलकर उतारा पति को मौत के घाट

सहसपुर लोहारा। कबीरधाम जिले की लोहारा पुलिस ने पति की हत्या के अंधे कत्ल का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद और पति के अत्यधिक शराब सेवन से परेशान होकर दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, स्कूटी तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई की सुबह ग्राम बासिनझोरी निवासी तुलेश साहू ने सूचना दी कि उसके पिता महेश साहू का शव लोहारा के बानो रोड स्थित दुकान के पास पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान, शरीर पर रक्तस्राव तथा शव को घसीटे जाने के स्पष्ट चिन्ह मौजूद थे। मामले में थाना लोहारा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल तथा एसडीओपी संजय ध्रुव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा ने फोरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। पुलिस ने रक्तरंजित पत्थर, कपड़े और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक आधार पर जांच आगे बढ़ाई
विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 25 जुलाई की रात पति द्वारा शराब के नशे में लगातार विवाद किए जाने से परेशान होकर उसने अपने चचेरे भाई ओदराम साहू की मदद से पति को पकड़वाया और पास में पड़े पत्थर से सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे छोड़कर स्कूटी से ग्राम चिमरा लौट गए।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी, कपड़े एवं अन्य साक्ष्य जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post