कवर्धा। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आगामी 30 जुलाई को विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आदेश जारी करते हुए सभी जनपद पंचायतों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। विशेष ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करना है, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की जा सके।
जारी निर्देशों के अनुसार, छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा-6 के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों में यह विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहभागिता से विकास संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा होगी और पंचायत स्तर की योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ग्राम सभा की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य की गई है। इस रिकॉर्डिंग को ग्राम सभा निर्णय मॉड्यूल में अपलोड किया जाएगा। वहीं, भारत सरकार के पंचायत राज मंत्रालय द्वारा विकसित सभासार पोर्टल के माध्यम से कार्यवाही का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा ग्राम सभा से जुड़ी सभी गतिविधियों और निर्णयों को वाईब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल तथा जीपीडीपी पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि योजना निर्माण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन दर्ज हो सके।
कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों के लिए समयबद्ध कार्यक्रम तैयार करें तथा ग्राम सभाओं के सफल आयोजन के साथ अनुमोदित ग्राम पंचायत विकास योजनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि निर्धारित अवधि में सुनिश्चित करें। प्रशासन का मानना है कि इस विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ेगी और गांवों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से तैयार किया जा सकेगा।