कर्रानाला बैराज से नदी में छोड़ा गया 1.35 क्यूमेक्स पानी, लगातार बारिश से बढ़ा जलस्तर

सहसपुर लोहारा : कबीरधाम जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते कर्रानाला बैराज मध्यम परियोजना में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बैराज में लगातार पानी की आवक होने से जलभराव निर्धारित क्षमता के करीब पहुंचने की संभावना को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने एहतियात के तौर पर पानी छोड़ना शुरू कर दिया है।

विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्रानाला बैराज के स्पिल चैनल के गेट के माध्यम से वर्तमान में 1.35 क्यूमेक्स पानी नदी में डिस्चार्ज किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम बैराज की सुरक्षा और जलस्तर को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि लगातार हो रही वर्षा के बीच किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

जल संसाधन विभाग ने बताया कि बैराज के जलस्तर और जल आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर पानी छोड़े जाने की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है। विभाग ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी या निचले क्षेत्रों की ओर नहीं जाने की अपील की है।

लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई जलाशयों और नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां भी सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि आमजन की सुरक्षा बनी रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post