सहसपुर लोहारा : कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में उपचार के नाम पर मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाले आयुर्वेदिक चिकित्सक को लोहारा पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना लोहारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि बिडोरा स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल ने इलाज के बहाने उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) के तहत प्रकरण कायम कर तत्काल विवेचना शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों का त्वरित संकलन किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी बालक दास चंदेल (35 वर्ष), निवासी ढोढमानवापारा को 15 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी शालिनी वर्मा, उप निरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक बलदाऊ भट्ट तथा आरक्षक रवि जायसवाल, तुषांत साहू और बिसेन छेदावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत त्वरित और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।