चरित्र शंका में की बेरहमी से हत्या, खुद थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराता रहा आरोपी

कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में हुए महिला हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जिस पति ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश की, वही उसकी हत्या का आरोपी निकला। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, साइबर तकनीक और गहन पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल एवं हेमसागर सिदार, एसडीओपी संजय ध्रुव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में थाना लोहारा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को ग्राम सिंगारपुर निवासी द्रोणाचार्य वर्मा ने थाने में सूचना दी कि उसकी पत्नी किरण वर्मा सुबह खेत जाने के बाद वापस नहीं लौटी। कुछ देर बाद महिला का शव गांव के एक खेत स्थित ट्यूबवेल के पीछे लहूलुहान अवस्था में मिला। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, फोरेंसिक जांच और लगातार पूछताछ के दौरान पुलिस को मृतका के पति के बयान संदिग्ध लगे। उसके बयान बार-बार बदलने पर पुलिस ने गहन पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर लंबे समय से संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी विवाद बढ़ने पर उसने पहले ईंट से पत्नी के सिर पर हमला किया, फिर उसे घसीटकर ट्यूबवेल के पीछे ले गया और ईंट तथा टूटे हुए सीएफएल बल्ब के कांच से लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट, सीएफएल बल्ब के टूटे हुए टुकड़े, मृतका के खून से सने कपड़े और आरोपी की रक्तरंजित शर्ट बरामद की है।
पूरी कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी द्रोणाचार्य वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, उपनिरीक्षक संदीप चौबे तथा बलदाऊ भट्ट सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post