सहसपुर लोहारा शांति नगर क्रेशर प्लांट परिसर में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

 जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर स्थित क्रेशर प्लांट परिसर में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दीपक तिवारी पिता रेवती रमन तिवारी उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी ग्राम गौरमाटी, हाल मुकाम शांति नगर लोहारा के रूप में हुई है। युवक बीते 21 मई 2026 की रात से लापता था, जिसके संबंध में 22 मई 2026 को थाना लोहारा में गुम इंसान दर्ज कराया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार 23 मई 2026 को शांति नगर स्थित क्रेशर प्लांट परिसर में युवक का शव उसकी बाइक सहित संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही थाना लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। मौके का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश गिरने का प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक बाइक समेत गिरा हुआ मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि रात के समय किसी कारणवश वह अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हुआ होगा। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना लोहारा पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा जांच उपरांत ही घटना के संबंध में स्पष्ट तथ्य सामने आ पाएंगे।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post