सहसपुर लोहारा :- कागजों में मजबूत, जमीन पर कमजोर! कवर्धा में पंचायत सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर गंभीर सवाल!

कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा जनपद के अंतर्गत की ग्राम पंचायत कु.दनिया में ग्रामीण सड़क निर्माण का हाल बेहाल गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां ₹13.56 लाख की लागत से बनी सीमेंट कंक्रीट (CC) सड़क निर्माण पूरा होने के कुछ ही दिनों में दरारों से भर गई, जिससे सरकारी धन के सही उपयोग पर संदेह गहराता जा रहा है।
सूचना फलक के अनुसार यह सड़क वर्ष 2025–26 में बनाई गई। कार्य की शुरुआत 20 मई 2025 को हुई और 8 जून 2025 को इसे पूर्ण बताया गया, यानी लगभग 20 दिनों में सड़क निर्माण पूरा कर लिया गया। इतने कम समय में बने इस कार्य में अब दरारें दिखना निर्माण प्रक्रिया और निगरानी पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है- 
कि सड़क से लंबे समय तक सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआत में ही दरारें आ जाना भविष्य में इसके और खराब होने का संकेत है। ग्रामीणों ने मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

निर्माण विशेषज्ञों के अनुसार, CC सड़क में शुरुआती दिनों में दरारें आना सामान्य नहीं है। इसका कारण घटिया सामग्री का उपयोग, सही क्योरिंग न होना या तकनीकी निरीक्षण में लापरवाही हो सकता है। ऐसे मामलों में कार्य एजेंसी, तकनीकी सहायक और भुगतान स्वीकृत करने वाले अधिकारियों की भूमिका की जांच जरूरी मानी जाती है।
नियमों के तहत यदि निर्माण में कमी पाई जाती है, तो भुगतान की वसूली और जिम्मेदारों पर कार्रवाई का प्रावधान है। बावजूद इसके, समाचार लिखे जाने तक ग्राम पंचायत कुमारदनिया या जिला प्रशासन कवर्धा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post