कवर्धा :- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के वनांचल और ग्रामीण क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए 5 करोड़ 74 लाख 87 हजार रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इन सड़क निर्माण कार्यों से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ विकास को भी नई गति मिलेगी। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने सर्वप्रथम मेन रोड से ग्राम कटगो तक 6.81 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सड़क का निर्माण 3 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। सड़क के निर्माण से वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से निजात मिलेगी और ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क स्थापित होगा। इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री शर्मा ने मेन रोड से खिरसाली तक 4 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया, जिसकी लागत 1 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपये है। वहीं मेन रोड से लाटा तक 2.80 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भी विधिवत भूमिपूजन किया गया जिसकी लागत 1 करोड़ 02 लाख 90 हजार है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम कटगो के ग्रामवासियों को इस बड़ी सौगात के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को लेकर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि ग्राम कटगो में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुल 263 आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनका निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि गांवों में अधोसंरचनात्मक विकास को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी कि आगामी नववर्ष के अवसर पर 01 जनवरी को भोरमदेव कॉरिडोर का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
Tags
सड़क भूमिपूजन