चिल्फी बॉर्डर पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 2.50 करोड़ का मशरूका जब्त




कवर्धा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी बॉर्डर पर एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में पंजाब निवासी एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को थाना चिल्फी पुलिस द्वारा एनएच-30 पर थाना के सामने संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर जांच की गई। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कंटेनर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा होना पाया गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान बलजीत सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में की है। उसके कब्जे से गांजे के अलावा करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और एएनटीएफ टीम द्वारा गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई पर आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस एवं चिल्फी थाना टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा सहित पुलिस टीम और एएनटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post