भोरमदेव में आज से शुरू होगा श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ, 26 अगस्त तक बहेगी शिव भक्ति की रसधार

कबीरधाम - भोरमदेव पवित्र श्रावण मास के पुण्य अवसर पर भगवान शिव की महती कृपा से भोरमदेव क्षेत्र में श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ एवं अमृतमयी कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 16 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक ग्राम चौरा स्थित श्रीराम टेकरी मंदिर में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

आयोजकों के अनुसार कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। कथा व्यास पं. श्री युगल किशोर शास्त्री जी द्वारा श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की कथा का श्रवण कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य भगवान शिव की महिमा, सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से लोगों को जोड़ना है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कथा श्रवण करने की अपील की है।

कार्यक्रम के अनुसार 16 अगस्त को श्री शिव महापुराण स्थापना एवं महात्म्य कथा से आयोजन का शुभारंभ होगा। 17 अगस्त को विद्येश्वर संहिता एवं शिव पार्थिव पूजन विधि, 18 अगस्त को रुद्रसंहिता एवं नारद मोह की कथा तथा 19 अगस्त को सती चरित्र वर्णन किया जाएगा। 20 अगस्त को श्री शिव-पार्वती विवाह और 21 अगस्त को श्री श्याम कार्तिक जन्म प्रसंग का वर्णन होगा।
इसी क्रम में 22 अगस्त को तारकासुर वध कथा, 23 अगस्त को श्री तत्व मीमांसा एवं शंकर जी का प्रणय रूप, 24 अगस्त को श्री अर्धनारीश्वर कथा तथा 25 अगस्त को श्री रुद्राक्ष माला की महिमा का प्रसंग रखा गया है। 26 अगस्त को श्रावण शुक्ल ग्यारस के अवसर पर ध्वजारोहण, श्री शिव महिमा नाम पाठ एवं आरती विसर्जन तथा प्रसादी वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा।

आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे पार्थिव शिवलिंग पूजा भी आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर शिव महापुराण कथा का पुण्य लाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post