जर्जर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर मासूम, टपकती छत और दरकती दीवारों के बीच हर दिन खतरे का सामना

सहसपुर लोहारा : ग्राम पंचायत खोलवा के अंतर्गत ग्राम रेन्दाखाम्ही स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का भवन बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। बरसात शुरू होते ही स्कूल की छत कई स्थानों से टपकने लगती है, जिससे कक्षाओं में पढ़ाई बाधित हो रही है। मजबूरी में छोटे-छोटे बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर शिक्षा ग्रहण करने को विवश हैं।

स्कूल भवन की छत और दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं। बारिश के दौरान कक्षाओं में पानी भर जाता है, जिससे बच्चों के बैठने और पढ़ाई करने में भारी दिक्कत होती है। कई जगहों से छत का प्लास्टर भी लगातार झड़ रहा है, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि जर्जर भवन की समस्या से संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक न तो भवन की मरम्मत कराई गई और न ही नए भवन के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल की गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल भवन की मरम्मत कराई जाए अथवा नए स्कूल भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें।
बरसात के बीच स्कूल की मौजूदा स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post