समाचार नेशन के पत्रकार टिकेश्वर साहु बने छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के कबीरधाम जिला सह सचिव


कवर्धा। समाचार नेशन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार टिकेश्वर साहु को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका, संगठन के प्रति समर्पण एवं निरंतर उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन का कबीरधाम जिला सह सचिव मनोनीत किया गया है। जिला अध्यक्ष श्याम टंडन ने उनके मनोनयन की घोषणा करते हुए कहा कि टिकेश्वर साहु लंबे समय से निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता कर रहे हैं। संगठन को ऐसे कर्मठ और सक्रिय पत्रकारों की आवश्यकता है, जो पत्रकार हितों के साथ-साथ समाज के मुद्दों को भी मजबूती से उठाने का कार्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि टिकेश्वर साहु के अनुभव और कार्यशैली से संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलेगी।

छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन पटेल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संगठन प्रदेशभर में लगातार विस्तार कर रहा है। 

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन पटेल ने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद टिकेश्वर साहु जिले के पत्रकारों को संगठित करने, उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है और पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

वरिष्ठ पत्रकार डी.एन. योगी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पत्रकारिता एक मिशन है, जिसे ईमानदारी, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ निभाया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टिकेश्वर साहु अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पत्रकार हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान देंगे।

वरिष्ठ पत्रकार विकास शुक्ला ने कहा कि संगठन द्वारा युवा एवं सक्रिय पत्रकारों को नेतृत्व का अवसर देना सराहनीय पहल है। इससे संगठन को नई सोच, नई कार्यशैली और नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि टिकेश्वर साहु का अनुभव और मिलनसार व्यक्तित्व संगठन को आगे बढ़ाने में निश्चित रूप से सहायक सिद्ध होगा।

मनोनयन की सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा ब्लॉक अध्यक्ष उमेश छेदावी, पंडरिया ब्लॉक अध्यक्ष टीकम चंद जैन, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष जगदंबिका साहू, वरिष्ठ पत्रकार डी.एन. योगी, विकास शुक्ला, तोरण छेदावी, रविन्द्र शुक्ला सहित संगठन से जुड़े अनेक पत्रकार साथियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में कबीरधाम जिले में संगठन और अधिक सशक्त होगा। इस अवसर पर टिकेश्वर साहु ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा पत्रकार हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए सदैव सक्रिय रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post