नगर सेना में पदस्थ जवान ने परिसर के बाथरूम मे लगाई फांसी, कार्यालय में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

कबीरधाम जिले के छिरहा स्थित नगर सेना कार्यालय से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां नगर सेना में पदस्थ एक जवान ने कार्यालय परिसर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, जवान काफी समय से मानसिक तनाव में था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान जवान के कमरे से एक सस्पेंड लेटर भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि जवान को शराब पीकर गाली-गलौज करने के आरोप में निलंबित किया गया था।
प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि निलंबन की कार्रवाई और मानसिक दबाव के चलते जवान ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जवान ने नगर सेना कार्यालय परिसर के भीतर ही आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया? क्या वह किसी मानसिक दबाव में था या फिर उसके पीछे कोई और कारण है? फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post