पंडरिया विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों, जनता की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं शासकीय योजनाओं का सुचारू संचालन हेतु आज पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जनपद पंचायत पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई में समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की और विकास कार्यों एवं अधोसंरचना निर्माण को गुणवत्तापूर्ण एवं तय समय में पूरा करने तथा जनता द्वारा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और जनता को उसका लाभ समय पर दिलाने एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा ने नगर एवं जनपद पंचायत अंतर्गत सबी वार्ड पार्षदों एवं जनपद सदस्यों से एक-एक कर उनके वार्ड व क्षेत्र से जुड़े प्रमुख विषयों, जनता की मूलभूत सुविधाओं, आवश्यकताओं और विकास कार्यों के बारे में चर्चा की तथा उसकी आपूर्ति हेतु अधिकारीयों को निर्देशित किया। इसके साथ ही उनके क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति, प्रगति और शासकीय योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने जैसे विषयों पर भी संवाद किया। ।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया को एक आदर्श नगर बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। विगत वर्षों में पंडरिया नगर एवं जनपद पंचायत अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न विकास व अधोसंरचना निर्माण एवं सिंचाई परियोजनाओं हेतु करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात डबल इंजन भाजपा सरकार के सुशासन में मिली है और जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो रही है। हरिनाला पुल निर्माण, अटल परिसर, सुतियापाट नहर विस्तारीकरण प्रगति पर है,पंडरिया एवं पांडातराई बाईपास का निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग 130ए अंतर्गत पंडरिया नगर के सड़क मरम्मत कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा पंडरिया में 250 सीटर नालंदा परिसर निर्माण और नगरवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग बिसेसरा से पंडरिया तक 4 लेन सड़क निर्माण कार्य की सौगात दी है जो प्रक्रियाधीन है। किसानों को सिंचाई के लिए पार्यप्त जल आपूर्ति के लिए बकेला के पास हाफ नदी में बैराज परियोजना, पुल-पुलिया के निर्माण की स्वीकृति मिली है। पांडातराई को उप तहसील बनाने से प्रशासकीय एवं भू-राजस्व से जुड़े कर्यों के लिए नजदीकी सुविधा मिली है वहीं पांडातराई विद्युत् कार्यालय को नवीन उप संभाग का दर्जा मिला है जिससे 48 गाँव के हजारों उपभोक्ताओं को विद्युत् सम्बन्धी किसी भी कार्य के लिए बोड़ला आने-जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कई अभूतपूर्व कार्य विगत वर्षों में भाजपा सरकार आने के बाद से पंडरिया विधानसभा में हुए हैं जो कांग्रेस सरकार के शासन में पूरी तरह ठप्प पड़े थे। जनता की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना, नगर को स्वच्छ,सुंदर और समृद्ध बनाना यही हमारा लक्ष्य है जिसके लिए हम अनवरत प्रयास कर रहें हैं।
Tags
भावना बोहरा