बैगा आवास योजना में 21.50 लाख का घोटाला: ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी गिरफ्तार, पंचायत तकनीकी सहायक पवन चंद्रवंशी फरार!

कबीरधाम :- थाना तरेगांव जंगल पुलिस द्वारा ट्रायबल एवं बैगा आवास योजना में की गई धोखाधड़ी के प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई की गई है।

घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी सिद्धराम मसराम, ग्राम पंचायत कुकरापानी थाना तरेगांव जंगल द्वारा दिनांक 05.02.2026 को थाना उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन में उल्लेख किया गया कि वह अक्टूबर 2024 से ग्राम पंचायत कुकरापानी में सचिव के पद पर कार्यरत है। ग्राम पंचायत कुकरापानी के खाता क्रमांक 77075410408 (छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, बोड़ला) में ट्रायबल एवं बैगा आवास योजना की राशि 21,50,000 रुपये दिनांक 30.10.2024 को जमा हुई थी।

दिनांक 28.11.2024 को जनपद पंचायत बोड़ला के बाबू लोचन जायसवाल द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त राशि जिला पंचायत के माध्यम से जमा की गई है तथा तकनीकी सहायक पवन चंद्रवंशी एवं ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी को आवास निर्माण हेतु भुगतान किया जाना है। इसके पश्चात तत्कालीन सरपंच रमली बाई, सरपंच पति मोती बैगा एवं सचिव सिद्धराम मसराम के साथ बैंक जाकर आहरण फार्म भरकर संपूर्ण राशि 21,50,000 रुपये बैंक से निकालकर तकनीकी सहायक पवन चंद्रवंशी एवं ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी को बैगा आवास निर्माण हेतु दी गई।

प्रार्थी द्वारा बताया गया कि आज दिनांक तक ग्राम पंचायत कुकरापानी के किसी भी बैगा आदिवासी परिवार का आवास निर्माण प्रारंभ नहीं हुआ है। ट्रायबल एवं बैगा आवास निर्माण के लिए प्राप्त संपूर्ण राशि को तकनीकी सहायक पवन चंद्रवंशी एवं ग्राम लखनपुर निवासी ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी द्वारा छलपूर्वक रख लिया गया, जिससे 17 बैगा परिवारों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।

प्रकरण में थाना तरेगांव जंगल में अपराध क्रमांक 03/26 अंतर्गत धारा 318(4), 316(5), 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 की धारा 3(2)(व) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना में यह भी पाया गया कि अन्य आरोपी पवन चंद्रवंशी शासकीय सेवक (पंचायत तकनीकी सहायक) है, जिसके कारण प्रकरण में धारा 316(5) बीएनएस जोड़ी गई। साथ ही बैगा जैसी विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी कर आर्थिक नुकसान पहुंचाए जाने पर अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(व) जोड़ी गई।

आरोपी ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी पिता स्व. राम रतन चंद्रवंशी उम्र 47 वर्ष साकिन लखनपुर खुर्द थाना बोड़ला जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर अपराध स्वीकार किया गया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन में बताया गया कि आवास निर्माण की राशि से ईंट, रेत, गिट्टी, सीमेंट एवं छड़ की खरीदी की गई, जिसका उपयोग अन्य ठेकेदारी कार्यों में कर लिया गया। आरोपी द्वारा प्रस्तुत सामग्री की रसीदें एवं इस्तेमाली मोबाइल फोन को समक्ष गवाहों के जप्त किया गया है।

आरोपी छोटूराम चंद्रवंशी को दिनांक 07.02.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी गई। 
प्रकरण का अन्य आरोपी पवन चंद्रवंशी (पंचायत तकनीकी सहायक) घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 


Post a Comment

Previous Post Next Post