भोरमदेव थाना इलाके में तेज रफ्तार हाईवा ने 3 युवकों को कुचला, ट्रक ड्राइवर फरार!

कवर्धा :- भोरमदेव थाना इलाके में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा बाइक में 3 युवक सवार थे हादसे के बाद 3 युवकों में 2 की हालत गंभीर है. हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवकों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. घायलों में 2 युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है. दोनों को रायपुर रेफर किए जाने की बात कही जा रही है.

तेज रफ्तार हाईवा ने 3 युवकों को कुचला
हादसे में घायल युवकों की पहचान राजेश लहरे, कुशाल बंजारे और प्रिंस बघेल के रूप में हुई है. तीनों युवक भालुचुआ गांव के रहने वाले हैं. स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक तीनों युवक निजी काम से बाइक पर सवार होकर कवर्धा की ओर आ रहे थे. इसी दौरान भोरमदेव की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाईवा गाड़ी ने उनको अपनी चपेट में ले लिया.
 जानकारी के  मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक हाईवा के चक्के के नीचे आ गए. इस दर्दनाक हादसे में 2 युवकों के हाथ हाईवा के पहिए की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गए. हादसे के बाद सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए. काफी देर तक लोगों की भीड़ सड़क पर जमी रही. लोगों का कहना था कि आए दिन तेज रफ्तार वाहन लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन रहे हैं.
हादसे के बाद मौके से भागा ड्राइवर

सड़क दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही भोरमदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी है.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की तैयारी में है. पुलिस मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

भोरमदेव थाना प्रभारी का बयान
भोरमदेव थाना प्रभारी लालमन साव ने बताया कि हाईवा की चपेट आने से बाइक सवार 3 युवक घायल हो गए हैं, जिसमें 2 की हालत गंभीर है. हाईवा चालक घटना के बाद फरार हो गया है जिसकी तलाश जारी है. पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी वाहन चालक का पता लगाने में जुटी है.

Post a Comment

Previous Post Next Post