कवर्धा :- शहर में प्रस्तावित नालंदा परिसर भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर शनिवार 8 नवंबर को पूरे नगर में उत्साह का माहौल था। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की मुख्य उपस्थिति में इस भूमि पूजन का आयोजन निर्धारित किया गया था, जिसके लिए नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स और बैनर लगाए गए थे। लेकिन कार्यक्रम के दिन ही अचानक इसे स्थगित कर दिया गया, जिससे नगर में चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार उपमुख्यमंत्री की अन्य शासकीय व्यस्तता के चलते कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया है। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि यह “रद्द नहीं, बल्कि स्थगित” हुआ है और शीघ्र ही नई तारीख तय की जाएगी।
शहर में उठे सवाल
कार्यक्रम के लिए की गई तैयारियों और विज्ञापन खर्च को लेकर नगरवासियों के बीच सवाल उठने लगे हैं। कई स्थानों पर लगाए गए होर्डिंग्स, सजावट और मंचन की लागत को लेकर नागरिकों का कहना है कि समय पर जानकारी दी जाती तो अनावश्यक खर्च बचाया जा सकता था।
वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि हाल ही में हुए राज्योत्सव समारोह में विवाद और राजनीतिक गुटबाजी की स्थिति ने भी इस आयोजन के माहौल को प्रभावित किया है। हालांकि इस विषय में न तो प्रशासन और न ही किसी राजनीतिक प्रतिनिधि ने कोई औपचारिक टिप्पणी की है।
वही कुछ लोगों का कहना है कि कार्यक्रम को स्थगित किया गया है ताकि उपमुख्यमंत्री की उपलब्धता के अनुरूप नई तिथि तय की जा सके। समिति ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य की अपील की है।
कार्यक्रम स्थगन का आधिकारिक कारण उपमुख्यमंत्री की व्यस्तता बताया गया है। किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप नहीं लगाया गया है। नई तिथि की घोषणा प्रशासनिक अनुमोदन के बाद की जाएगी।